बीसलपुर। एसडीएम नागेंद्र पांडेय ने गांव बरखेड़ा कटा में सरकारी जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा किए जाने के मामले की जांच तहसीलदार और दियोरिया कोतवाल को संयुक्त रूप से करने के निर्देश दिए हैं।
गांव ढकिया रंजीत, बेनीपुर और बरखेड़ा कटा के ग्रामीण पिछले एक सप्ताह से गांव बरखेड़ा कटा में दबंगों द्वारा 12 बीघा सरकारी जमीन पर कब्जा किए जाने का मुद्दा उठा रहे हैं। ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय में भी शिकायत की है। ग्रामीणों ने की मांग है कि सरकारी जमीन से कब्जा हटाने के बाद उस जमीन पर पंचायत विभाग का पशु आश्रय गृह बना दिया जाए। पशु आश्रय गृह बन जाने से इस क्षेत्र के काफी छुट्टा पशुओं को उसमें शरण मिल जाएगी।
ग्रामीणों ने सोमवार की सुबह अपने गांवों के सामने से गुजर रहे बीसलपुर-बेनीपुर मार्ग पर दबंगों के विरोध में प्रदर्शन भी किया था। अब एसडीएम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार को तहसीलदार करम सिंह और दियोरिया कोतवाल प्रदीप विश्नोई को मामले की संयुक्त रूप से जांच करने को अधिकृत किया है। एसडीएम ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद इस मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।