बीसलपुर। सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने वाले दबंगों के विरोध में तीन गांवों के ग्रामीण खुलकर सामने आ गए हैं। ग्रामीणों ने बीसलपुर-बेनीपुर मार्ग पर प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की।
गांव ढकिया रंजीत, बरखेड़ा कटा और बेनीपुर के ग्रामीण रविवार को अपने गांवों के सामने से गुजर रहे बीसलपुर-बेनीपुर मार्ग पर एकत्र हुए। इसके बाद बरखेड़ा कटा में 12 बीघा सरकारी जमीन पर कब्जे के विरोध में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि दबंग सरकारी जमीन पर कब्जा करने के बाद वहां खेती कर रहे हैं। सरकारी जमीन पर कब्जा होने के कारण ग्रामीणोंं को पशु चराने में काफी दिक्कत होती है। विरोध करने पर दबंग लड़ने पर आमादा हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने एक घंटे तक प्रदर्शन करने के बाद यह निर्णय लेकर प्रदर्शन खत्म किया कि एक सप्ताह के भीतर सरकारी जमीन से कब्जा नहीं हटा तो वे लोग बेमियादी धरना शुरू कर देंगे। ग्रामीणों का यह भी कहना था कि वे लोग चाहते हैं कि सरकारी जमीन से कब्जा हटने के बाद वहां पर गोआश्रय स्थल बना दिया जाए।
प्रदर्शन करने वालों में रामसिंह, शंकरलाल, धर्मपाल, तेज बहादुर गंगवार, आदर्श कुमार, प्रवेश कुमार, अरविंद, रामबहादुर, प्रमोद, चिंताराम, महेश कुमार, वीरपाल, प्रेमपाल, गगन, होरीलाल, नत्थूलाल, झांझनलाल, भीमसेन और नरेश कुमार समेत काफी लोग शामिल रहे।