गांव चंदिया हजारा में घरो में हुआ जलभराव । संवाद
पूरनपुर। बनबसा बैराज से शारदा नदी मेंं डेढ़ लाख क्यूसेक पानी पास होने गांव चंदिया हजारा बाढ़ से घिर गया है। बुधवार रात ढाई बजे गांव के करीब 1500 घरों में पानी घुस गया। चंदिया हजारा-कॉलोनी नंबर छह रोड पर जलभराव होने से आवागमन ठप हो गया है।
सवा महीने से शारदा नदी गांव चंदिया हजारा और उसके आसपास तबाही मचा रही है। बुधवार को बनबसा बैराज से एक लाख क्यूसेक पानी पास होने से शारदा नदी उफना गई। रात ढाई बजे से गांव में पानी पहुंचने लगा। बृहस्पतिवार सुबह तक डेढ़ हजार घरों में पानी घुस गया। घरों में तीन-चार फुट पानी भरने से लोगों में खलबली मची है।
ग्रामीण पशुओं समेत कीमती सामान को ऊंचे स्थानों पर ले जाने लगे हैं। बृहस्पतिवार दोपहर को नदी का जलस्तर कम होना शुरू हुआ, लेकिन घरों में भरा पानी निकल पाने से पहले ही नदी में फिर बनबसा बैराज से एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी पास हो गया। यह देर शाम क्षेत्र में पहुंच गया। इससे हालात और खराब हो गए हैं।
००००००
तीन गांवों का आवागमन बंद
नदी उफनाने से गांव चंदिया हजारा से राहुलनगर और चंदिया हजारा से कॉलोनी नंबर छह को जाने वाले रास्तों पर जलभराव हो गया है। तीन फुट तक पानी भरा होने से तीनों गांवों का आवागमन बंद हो गया है।
००००००
शारदा नदी में बुधवार को डेढ़ लाख क्यूसेक पानी बनबसा बैराज से पास हुआ था। बृहस्पतिवार सुबह 90 हजार क्यूसेक पानी रिलीज हुआ है। बाढ़ की आशंका को लेकर क्षेत्र पर नजर रखी जा रही है। लेखपालों को क्षेत्र में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं। - राजेश कुमार शुक्ला, एसडीएम
गांव चंदिया हजारा में घरो में हुआ जलभराव । संवाद