बजरंग दल के जिला संयोजक रूप सिंह यादव के नेतृत्व में विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने रविवार को ब्लाक चौराहा पर एकत्र होकर शारदा नदी के पांटून पुल से अधिक टोल टैक्स की वसूली का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अवैध वसूली रुकवाने, नदी घाट पर स्नान को पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षा मुहैय्या कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने दोनों मांगों के शीघ्र पूरा न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। प्रदर्शन करने वालों में राम विनोद, हरिओम सक्सेना, घनेंद्र सिंह यादव, रविंद्र कुमार, नरेंद्र प्रताप सक्सेना, अनुज यादव, सियाराम आदि थे। उधर, पांटून पुल के ठेकेदार के प्रतिनिधि और पूर्व जिला पंचायत सदस्य असलम कुरैशी ने अवैध वसूली के आरोप को निराधार बताया है। उन्होंने बताया कि निर्धारित शुल्क ही वसूला जाता है।