अमेरिका में रह रही पीलीभीत जिले की एक महिला ने कनाडा में रहने वाले एक व्यक्ति पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। आरोपी भी पीलीभीत जिले का रहने वाला है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी की पत्नी ने दुष्कर्म का वीडियो बनाकर अमेरिका-कनाडा में वायरल कर दिया और चुपचाप भारत भाग आई। यहां पर उसने पीड़िता के परिजनों की संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश की। अब पीड़िता ने एसपी, क्षेत्राधिकारी व थानाध्यक्ष को व्हाट्सएप पर तहरीर भेजकर कार्रवाई करने की मांग की है।
पूरनपुर क्षेत्र के काफी लोग अमेरिका, कनाडा, आस्ट्रेलिया आदि देशों में रहते हैं। अमेरिका में रहने वाली एक महिला का आरोप है कि कनाडा में रह रहे उसके परिचित ने अपनी पत्नी के सहयोग से उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी की पत्नी ने घटना की वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। यह उसके पति और ससुर के नाम दर्ज पूरनपुर में स्थित संपत्ति हड़पने के लिए किया गया। इसी के तहत आरोपी की पत्नी पीड़िता के बुजुर्ग ससुर को साथ लेकर पीलीभीत आ गई।
यहां आकर उसने साथ आए बुजुर्ग को झांसे में लेकर संपत्ति हड़पने की कोशिश की। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी महिला ने क्षेत्र में स्थित उसके घर का ताला तोड़कर कब्जे का भी प्रयास किया। पीड़िता ने कनाडा में भारतीय उच्चायोग में शिकायत कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कराकर कनाडा भेजने की मांग की। पीड़िता के पति ने मोबाइल पर बताया कि पूरे मामले की शिकायत एसपी पीलीभीत, सीओ व कोतवाल पूरनपुर से की गई है।
सीओ आलोक सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में संपत्ति का विवाद है। महिला कनाडा में क्या अपराध करके आई है, इसकी जानकारी नहीं है। अभी तक किसी विभाग से महिला के खिलाफ कार्रवाई के आदेश नहीं मिले हैं।