विहिप व बजरंग दल ने फूंका पाकिस्तान का पुतला
विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने पूर्व भारतीय नौसेना के पूर्व अफसर जाधव को मौत की सजा के विरोध में पाकिस्तान के विरोध में प्रदर्शन किया और पाकिस्तान का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम कार्यालय में देकर भारत विरोधी लोगों को सीधे फांसी की सजा दिलाने की मांग की। बजरंग दल के जिला संयोजक रूम सिंह यादव और विधि ओम सिंह के नेतृत्व में विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ता पाकिस्तान के पुतले के साथ नगर के ब्लाक चौराहा पर एकत्र हुए। यहां पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन कर साथ लाए पुतले को आग के हवाले कर दिया गया। प्रदर्शनकारी इसके बाद जुलूस की शक्ल में एसडीएम कार्यालय पहुंचे। यहां राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम कार्यालय में दिया गया। ज्ञापन में कहा गया कि कुलभूषण जाधव को पाकिस्तान की सैन्य अदालत द्वारा दी गई फांसी की सजा एक बेहद शर्मनाक घटना है। बगैर न्यायिक जांच के फांसी की सजा सुना देना जघन्य अपराध और सुनियोजित हत्या है। जाधव ईरान में व्यापार करते थे। उनके पास कोई गैरकानूनी दस्तावेज नहीं मिला। जिसके आधार पर उनको फांसी की सजा दी जाती। पाकिस्तान के ऐसे विचारों की निंदा की जाती है। ज्ञापन में भारत में भी ऐसे कार्यों में लिप्त लोगों को सीधे फांसी की सजा का प्रावधान कराने की मांग की गई। प्रदर्शन करने वालों में रूम सिंह, विधिओम, रामविनोद, गेंदनलाल, रवि कुमार, निरंकार, राजीव सिंह, अनुज यादव, गोपाल, राजपाल मौर्या, विजय कुमार, वेद प्रकाश आदि रहे।