पीलीभीत शहर के आर्य समाज मंदिर में आयोजित यज्ञ में मौजूद लोग।संवाद
पीलीभीत। आर्य समाज मंदिर में बृहस्पतिवार से शुरू हुए वेद प्रचार उत्सव का शाहजहांपुर गुरुकुल से आए आचार्य चंदन मित्र ने यज्ञ कराकर शुभारंभ किया। मुख्य यजमान के रूप में अशोक कुमार सक्सेना, विजय कुमार गंगवार और डॉ. आरपी गंगवार पत्नी के साथ मौजूद रहे और आहुति डालीं।
यज्ञ के बाद ओमवीर ने भजनों के माध्यम से ओम की महिमा और मनुष्य जीवन का सुंदर वर्णन किया। आचार्य चंदन मित्र ने वेद ज्ञान का उद्घोष करते हुए कहा कि वेद श्रवण के कारण ही इस माह को श्रावण माह कहा जाता है। सृष्टि के प्रारंभ में परमात्मा ने मनुष्य के कल्याण के लिए जो ज्ञान दिया था, वह आज भी इसी रूप में विद्यमान है, जो सनातन है।
उन्होंने कहा कि जो वस्तु नूतन होती है वह एक दिन पुरातन हो जाती है। उन्होंने कहा कि सनातन वैदिक संस्कृति के वेद आधार है। वेद प्रचार उत्सव 150 वर्षों से मनाया जा रहा है। यह वेद स्वाध्याय का पर्व है। इस मौके पर वासुदेव गंगवार, हरि बहादुर, प्रकाश वीर, मनमोहन सक्सेना, शशिकांत, बसंत लाल, कृष्ण अवतार कंसल आदि मौजूद रहे।