पूरनपुर। शेरपुरकलां के मोहल्ला इस्लामनगर तीन दिन में दो ट्रांसफार्मर फुंक जाने और फिर नया ट्रांसफार्मर न लगने से गुस्साए उपभोक्ताओं ने बुधवार रात विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर जमकर हंगामा किया। सब स्टेशन से पूरे क्षेत्र की आपूर्ति बंद करा दी। हंगामे की सूचना पर इंस्पेक्टर क्राइम फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जेई ने सब स्टेशन पहुंचकर बृहस्पतिवार शाम तक ट्रांसफार्मर बदलवाने का आश्वासन देकर उपभोक्ताओं को शांत किया।
शेरपुरकलां के मोहल्ला इस्लामनगर में 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है। इससे 75 से अधिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन हैं। ओवरलोड होने के चलते सोमवार को ट्रांसफार्मर फुंक गया। मंगलवार को इसकी जगह दूसरा ट्रांसफार्मर लगा दिया गया, लेकिन दो घंटे बाद वह भी फुंक गया। इसे अब तक नहीं बदला गया है।
ट्रांसफार्मर न बदले जाने पर बुधवार रात साढ़े नौ बजे तमाम महिला-पुरुष दीवार और गेट फांदकर उपकेंद्र में घुस गए और हंगामा करने लगे। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने सब स्टेशन से पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद करा दी। भीषण गर्मी में दो घंटे से अधिक बिजली आपूर्ति बंद रहने पर बाकी क्षेत्रों को उपभोक्ता भी हंगामे में शामिल हो गए। उपभोक्ता जेई को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे।
हंगामे की सूचना पर इंस्पेक्टर क्राइम उमेश कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उपभोक्ताओं ने उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगवाने की मांग करते हुए कहा कि लगातार दो ट्रांसफार्मर फुंक चुके है। सोमवार से मात्र कुछ घंटे ही बिजली आपूर्ति मिली है। इसके बाद सब स्टेशन पहुंचे जेई आशुतोष पांडेय ने फुंके ट्रांसफार्मर को बृहस्पतिवार शाम तक बदलवा देने का आश्वासन दिया, तब कहीं उपभोक्ता शांत हुए।
जेई ने बताया कि ट्रांसफार्मर ओवरलोड के चलते ही फुंक रहे हैं। उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए कई बार रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। स्वीकृति न मिलने की वजह से उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर नहीं लग पा रहा है।
००००००००
पूरनपुर में भी गहराया बिजली संकट
पूरनपुर। बुधवार शाम से नगर में भी बिजली संकट गहरा गया। विद्युत सब स्टेशन परिसर में रखे 600 केवीए ट्रांसफार्मर की फुंकी केबल ठीक करने में तीन घंटे लग गए। इस दौरान आपूर्ति बंद रही। शाम साढ़े आठ बजे स्टेशन रोड पर फॉल्ट होने फीडर तीन की बिजली आपूर्ति आधा घंटे प्रभावित रही।
इसके बाद सीतापुर आंख अस्पताल के पास बंच कंडक्टर में आग लगने से आसपास के इलाके की बिजली गुल हो गई। रात 10:30 बजे लाइन फाल्ट से फीडर तीन की आपूर्ति ठप हो गई। फीडर नंबर दो से जुड़े मोहल्ला खानका में बंच कंडक्टर में आग लगने से करीब एक घंटा बिजली गुल रही। बृहस्पतिवार दोपहर डेढ़ बजे मोहल्ला कायस्थान में फाल्ट और दोपहर दो बजे ट्रांसफार्मर का फ्यूज जलने से करीब एक घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। दोपहर करीब सवा तीन बजे फीडर दो में शेरपुर क्रॉसिंग के समीप बंच केबल में आग लगने से फीडर दो की आपूर्ति करीब पौन घंटा ठप रही।