‘बच्चों की प्रतिभा समझें ताकि वह
इंदिरा गांधी, पीटी ऊषा बन सकें’
एक दिनी दौरे पर आए सांसद वरुण गांधी ने बिथरा गांव में की जनसभा
- निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज जाकर जल्द से जल्द काम पूरा करने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। सांसद वरुण गांधी एक दिवसीय दौरे पर रविवार को पीलीभीत पहुंचे। खमरिया पुल पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद सांसद मरौरी ब्लॉक के ग्राम बिथरा गए। यहां कंपोजिट विद्यालय बिथरा में सांसद निधि के अंतर्गत उपलब्ध कराए गए फर्नीचर का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद वरुण गांधी ने कहा कि कोई भी देश शिक्षा के रास्ते पर चल कर ही आगे बढ़ता है। यदि आज देश को अगले पायदान तक ले जाना है तो उसके लिए शिक्षा को बढ़ावा देना होगा। कहा कि उन्हें राजनीति की नहीं, अगली पीढ़ी की चिंता है इसलिए वह एक परिवार की तरह लोगों के बीच में रहते हैं। ग्रामीणों से कहा कि छोटी बच्चियों बड़ी हो तो मां-बाप सिर्फ शादियों के बारे में ही न सोचें बल्कि वह अपने बच्चों की प्रतिभा को समझें और उन्हें उनके सपने पूरे करने में सहयोग दें। ताकि वह भी इंदिरा गांधी, पीटी उषा, कल्पना चावला जैसे महान लोगों की तरह बड़ा बनकर अपना व अपने देश का नाम रोशन करें।
सांसद ने कार्यक्रम में मौजूद अध्यापक/अध्यापिकाओं को जिम्मेदारी देते हुए कहा कि बच्चों में पौधरोपण की आदत जरूर डालें। जिस बच्चे का जन्मदिन हो तो उसके घर जाकर उसके प्रांगण में या किसी अन्य जगह पर एक फलदार पौधा जरूर लगाएं।
इसके बाद सांसद ने स्कूल कैंपस में पौधरोपण किया। बच्चों के बीच जाकर उनसे बात की। इस दौरान महिला शिक्षक संघ ने पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने के संबंध में सांसद वरुण गांधी को एक ज्ञापन भी सौंपा। इसके बाद सांसद ने ललौरीखेड़ा ब्लॉक के ग्राम बरहा, पूरनपुर के ग्राम शाहगढ़ और मरौरी ब्लॉक के ग्राम पिपरिया भजा में जनसंवाद कार्यक्रम किए और जनसमस्याएं सुनीं।
सांसद वरुण गांधी ने ग्राम खाग में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान के लिए डीएम, एसपी, सीडीओ, सीएमओ आदि से भी बात की।