छतरी चौराहा बनेगा शहर का मॉडल चौराहा
सड़क हादसों और जाम की समस्या के समाधान के लिए पुलिस महकमा एक बार फिर संजीदा हुआ है। शहर के मुख्य चौराहों पर पहुंचकर एसपी ने टीम के साथ निरीक्षण किया। इसके बाद नगर पालिका के अधिकारियों के साथ बातचीत कर इस पर काम शुरू कराने के निर्देश दिए। इस दौरान छतरी चौराहा को मॉडल चौराहा बनाने का दावा किया गया है। यातायात व्यवस्था के सुधार में आ रही दिक्कत का पता करने के लिए बुधवार सुबह एसपी देवरंजन वर्मा, एएसपी डॉ. रामसुरेश यादव, सीओ सिटी अनुराग दर्शन, सीओ योगेंद्र कृष्ण नरायन, टीएसआई दुर्गा सिंह, नगर पालिका ईओ बीपी सिंह के साथ सड़कों के हालात परखने निकले। गौहनिया, छतरी, बेनहर चौराहा, नौगवां चौराहा पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इसके बाद हादसों को रोकने के लिहाज से हाईवे किनारे लगे बड़े-बड़े दृष्टिबाधित होर्डिंग्स हटवाने के निर्देश दिए। इसके अलावा अतिक्रमण का चि कर कार्रवाई को कहा। सुधार के प्रथम चरण में छतरी चौराहा को मॉडल चौराहा बनाने का दावा किया गया। यहां का सौंदर्यीकरण कराने के साथ ही देा ट्रैफिक सिपाहियों की मौजूदगी रहेगी। इसके अलावा चौराहा के बीचोंबीच ट्रैफिक सिपाही के खड़े होने का स्थान बनवाया जाएगा। जैबरा क्रासिंग बनाई जाएगी। इसके अलावा लाउडस्पीकर सिस्टम भी लगवाए जाने की बात कही। वाहनों के पलटने की शिकायत को संज्ञान में लेते हुए सड़क और फुटपाथ को समतल कराने के निर्देश दिए। एसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था के सुधार के लिए रणनीति बनाई जा चुकी है। इसका असर जल्द सड़कों पर दिखाई देगा।