पीलीभीत। झगड़ा करते हुए पकड़े गए दो युवकों को पुलिस शुक्रवार देर शाम मेडिकल कराने के लिए जिला अस्पताल ले गई। यहां दोनों युवक मेडिकल न कराने को लेकर दरोगा से भिड़ गए। हाथापाई कर दी। पुलिस का कहना है कि दोनों युवक शराब पीए हुए थे। वे झगड़ा कर रहे थे। पुलिस कर्मियों से हाथापाई होने पर अस्पताल में भीड़ जुट गई।
सुनगढ़ी पुलिस ने शुक्रवार शाम को दो युवकों को शराब के नशे में झगड़ा करते हुए पकड़ा था। पुलिस जिला अस्पताल में दोनों को मेडिकल कराने के लिए लाई थी। युवकों ने जिला अस्पताल में पुलिस कर्मियों के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। कुछ ही देर में दोनों युवक दरोगा से भिड़ गए। दरोगा व युवकों में गुत्थमगुत्था होने लगी।
यह देख अस्पताल में तीमारदारों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नरेश त्यागी,प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी आशुतोष रघुवंशी अस्पताल पहुंचे। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने दोनों युवकों काे कब्जे में लिया व उनका मेडिकल कराया। मेडिकल के बाद युवकों को थाना सुनगढ़ी ले जाया गया। अस्पताल परिसर में हुए हंगामा के दौरान अच्छी खासी भीड़ एकत्र हो गई। प्रभारी निरीक्षक आशुतोष रघुवंशी ने बताया दोनों युवक सड़क पर झगड़ा करते हुए पकड़े गए हैं। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।