संवाद न्यूज एजेंसी
जहानाबाद। थाना क्षेत्र के गांव नवादा श्यामपुर में पड़ोसियों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। दोनों की तहरीर पर पुलिस ने क्रॉस रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव नवादा श्यामपुर निवासी शिवम कुमार ने जहानाबाद पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पांच अक्तूबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे उनके घर पर मेहमान आए हुए थे। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले संजय और ओमप्रकाश शराब के नशे में उनके घर में घुस आए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर उनका भाई अरुण बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। शिवम के मुताबिक, थाने जाते समय भी आरोपियों ने उनके भाई को घेर लिया और जान से मारने की धमकी दी। वहीं, दूसरे पक्ष के संजय ने भी थाना जहानाबाद में तहरीर देकर शिवम कुमार, अरुण और दो अज्ञात लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। संजय का कहना है कि पांच अक्तूबर की शाम आरोपी उनके घर की छत पर आ गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लात-घूंसों और लोहे की वस्तु से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि क्रॉस रिपोर्ट दर्ज की गई है। कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।