पीलीभीत। सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष द्वारा जमानत निरस्तीकरण के प्रकरण को लेकर वकीलों के दो गुट आमने-सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति को देखते हुए जजी परिसर में पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक सेंट्रल बार के पूर्व अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता संतराम राठौर ने कुछ समय पहले अदालत में एक जमानत निरस्तीकरण याचिका दाखिल की थी। इस दौरान वादी प्रतिवादी के अधिवक्ताओं के बीच किसी बात पर वाद विवाद हो गया। सेंट्रल बार एसोसिएशन के महासचिव विवेक अवस्थी ने मामले के शांतिपूर्ण निरस्तीकरण को लेकर एक बैठक बुलाई। बताते हैं कि एक अधिवक्ता ने बैठक का विरोध किया और बैठक नहीं होने दी। जिसको लेकर वकीलों के दो गुट आमने-सामने आ गए।
वकीलों के एक गुट ने सेंट्रल बार परिसर में भारी संख्या में एकत्र होकर एक आम सभा की। आम सभा जीएल वर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। आम सभा का संचालन महासचिव विवेक अवस्थी ने किया। मामले की जानकारी मिलने पर अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया। इस मौके पर तीनों बारों के पदाधिकारी व अधिवक्ता दर्जनों की संख्या में जजी परिसर पहुंच गए। कचहरी परिसर में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए मौके पर पुलिस को तैनात कर दिया गया है।