बीसलपुर। मोहल्ला दुर्गाप्रसाद के एक घर से चोरों ने नाटकीय ढंग से दो लाख रुपये चुरा लिए। व्यापारी ने घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी है।
जानकारी के मुताबिक, रविवार पूर्वाह्न 11 बजे एक व्यापारी के घर पर एक युवक आया। व्यापारी उस समय घर पर नहीं था। युवक ने व्यापारी की पत्नी से कहा कि उसका कबूतर उनकी छत पर पहुंच गया है। युवक की बात सुनकर व्यापारी की पत्नी उसे छत पर ले गई। छत पर कबूतर नहीं था। वह युवक इधर-उधर देखते हुए व्यापारी की पत्नी के साथ नीचे आ गया और चला गया। इस दौरान घर का दरवाजा खुला रहा।
बताते हैं कि दरवाजा खुला होने का फायदा उठाते हुए कुछ दूरी पर खड़े युवक के दूसरे साथियों ने व्यापारी के कमरे में घुसकर खूंटी पर टंगी चाबी से सेफ खोली और उसमें रखे दो लाख रुपये निकाल लेकर भाग गए। युवक के जाने के बाद व्यापारी की पत्नी जब कमरे में गई तब उन्होंने सेफ खुली देखी। रुपये गायब देख उन्होंने प्रकरण की जानकारी पति को फोन पर दी। व्यापारी ने काफी दूर तक उन युवकों की तलाश की, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़े। कोतवाल अशोक पाल ने अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि ऐसी कोई घटना उनके संज्ञान में नहीं आई है। न ही कोई तहरीर मिली है। संवाद