जगह-जगह गड्ढे होने से निकलना हो रहा दूभर, हो जाता है जलभराव
बरेली और अमरिया की ओर से आने का यही है मात्र रास्ता
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। उपाधि कॉलेज चौराहे से आगे ओवरब्रिज के नीचे की एप्रोच सड़क काफी खराब हो गई है। सड़क में गड्ढे होने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है। यही नहीं मामूली बारिश में पानी भर जाता है। समस्या को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने सड़क को ठीक कराने के लिए दो करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है।
लोक निर्माण विभाग की ओर से जिले की सड़कों को बेहतर बनाए जाने के लिए लगातार प्रस्ताव भेजे जा रहे हैं।वित्तीय वर्ष समाप्त होने के बाद अब विभाग को बजट जारी होने की पूर्ण संभावना हो गई है। पिछले वित्तीय साल में ही विभाग की ओर से शहर के अलावा नौगवा चौराहे पर ओवरब्रिज के नीचे जर्जर और गड्ढा युक्त सड़क को भी शामिल किया गया था।
दो किलोमीटर लंबी इस सड़क को दुरुस्त करने के लिए विभाग की ओर से 2 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन में भेजा गया था। प्रस्ताव में सड़क ठीक करने की बात कही गई थी। सड़क के ठीक हो जाने से वहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी सहूलियत मिलेगी।
00
बरेली और अमरिया से आने वालों को हो रही है परेशानी
नौगवा चौराहे से शहर के अंदर आने-जाने के लिए ओवरब्रिज के नीचे एप्रोच सड़क एकरास्ता रास्ता है। मौजूदा समय में सड़क के दोनों ओर गहरे गड्ढे हो गए हैं। जहां पर मामूली बारिश में ही जलभराव हो जाता है। ऐसे में वाहन चालकों को गड्ढों से बचने के लिए और ब्रिज के नीचे चलना पड़ता है। इस समस्या को पूर्व में लोगों ने विभागीय अधिकारियों के समक्ष रखा था।
00
ओवरब्रिज की शुरुआत से अंत तक सड़क पर होगा काम
प्रस्ताव में विभाग की ओर से उपाधि कॉलेज चौराहे के आगे ओवरब्रिज की शुरुआत से इसके अंत तक मंडी समिति गेट से पहले तक की सड़क को दुरुस्त करवाया जाएगा। बीच में अंडरपास को इसमें नहीं शामिल किया गया है, जो कि रेलवे के अधीन है।
00
सड़क को ठीक कराए जाने के लिए दो करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। संभावना है कि इस वित्तीय वर्ष में बजट मंजूर हो जाएगा।
- उदय नारायण सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी