पूरनपुर। मैंगलगंज हाईवे पर अलग-अलग स्थानों पर अज्ञात वाहन की टक्कर से घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव कबीरपुर कसगंजा निवासी बाइक सवार मोबाइल पार्ट्स व्यापारी अमित जैसवार (30) और दूसरे स्थान पर बाइक सवार गांव रंपुरा ताल्लुके महाराजपुर निवासी राजीव (23) घायल हो गए। सीएचसी लाए गए घायलों में अमित को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। राजीव को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। राजीव की बरेली ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घुंघचाई पुलिस ने अमित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। राजीव के परिजनों ने पुलिस को बगैर सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव कबीरपुर कसगंजा निवासी अमित जैसवार की गांव में मोबाइल पार्ट्स की दुकान है। अमित शनिवार शाम को बाइक से नगर से अपने गांव लौट रहा था। कनपारा गन्ना खरीद केंद्र के समीप उसकी बाइक को किसी वाहन चालक ने टक्कर मार दी। सीएचसी लाए गए अमित को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। घुंघचाई इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि अमित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
दूसरा हादसा मैंगलगंज हाईवे पर ही नगर के बंडा चौराहे के समीप शनिवार शाम को हुआ। गांव रंपुरा ताल्लुके महाराजपुर निवासी राजीव बाइक से नगर से गांव जा रहा था। अज्ञात वाहन की टक्कर से राजीव घायल हो गया। सीएचसी से राजीव को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी इलाज को बरेली लेे जाते समय रास्ते में मौत हो गई। राजीव के परिजन ने पुलिस को बगैर सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
राजीव दो भाइयों में छोटा, अमित पांच भाइयों में था बड़ा
गांव कबीरपुर कसगंजा निवासी अमित जैसवार पांच भाइयों में बड़ा था। अमित अपने पीछे पत्नी और छह वर्षीय और दो वर्षीय पुत्र को रोता बिलखता बिलखता छोड़ गया है।