पूरनपुर। जिला बदर शेरपुरकलां निवासी इमरान उर्फ शेरू और अनीस को गांव के करीब ही घूमते हुए तमंचों और कारतूस सहित पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दोनों को 15 दिसंबर को जिला बदर किया गया था। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया गया है।
कोतवाल प्रवीण कुमार ने बताया कि शेरपुरकलां और हाल निवासी पूरनपुर कुरैशियान निवासी इमरान उर्फ शेरू और शेरपुरकलां निवासी अनीस को 15 दिसंबर को जिला बदर घोषित किया गया था। दोनों को जिला की सीमा से खदेड़ कर निर्धारित समय तक जिले की सीमा में न घुसने की चेतावनी दी गई थी। सोमवार को इमरान को शेरपुरकलां नहर के समीप अवैध 315 बोर के तमंचे और एक कारतूस, अनीस को शेपुरकलां उपकेंद्र के पास से 315 बोर के तमंचे और कारतूस सहित गिरफ्तार कर चालान किया गया। इमरान पर गैैंगस्टर और संरक्षित पशु हत्या के 10 जबकि अनीस के ऊपर गैंगस्टर, संरक्षित पशु हत्या सहित कुल 12 मामले दर्ज हैं।