नकटादाना चौराहा स्थित कमरे का टूटा गेट । संवाद
पीलीभीत। शहर के नकटादाना चौराहे पर साईं धाम मंदिर के निकट किराये पर रहे सोमपाल के घर में संदिग्ध हालात में आग लग गई। आग से उनके दो जुड़वां बच्चे व पत्नी झुलस गई। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना जहानाबाद क्षेत्र के गांव कल्यानपुर खास के मजरा नरायन नगला के रहने वाले सोमपाल ने बताया कि वह शहर के एक निजी स्कूल में काम करते हैं। पत्नी सूरजकली व दो जुड़वां बच्चों अनन्या और अभि के साथ शहर के नकटादाना चौराहे पर साई मंदिर के निकट एक मकान में किराये पर रहते हैं। शुक्रवार को वह स्कूल चले गए। पत्नी और दोनों बच्चे घर पर थे।
सुबह साढ़े नौ बजे पत्नी सूरजकली खाना बना रही थीं। इसी दौरान किसी तरह आग लग गई। इसमें सूरजकली व दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। कमरे में कोई सामान नहीं जला, जबकि किवाड़ें टूटी थीं। किवाड़ें भी नहीं जली थी। फायर ब्रिगेड और पुलिस को आग लगने की सूचना नहीं दी गई। सूचना मिलने पर सोमपाल कमरे पर पहुंचे और पत्नी व दोनों बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्चाें की हालत गंभीर बनी हुई। आग लगने की वजह भी कोई स्पष्ट नहीं बता पा रहा है।