गजरौला। बेटी की शादी का न्योता बांटकर बाइक से घर वापस लौट रहे शाहजहांपुर जिले के बंडा थाना के गांव सैदापुर निवासी ग्रामीण की ट्रक से टकराकर मौत हो गई। चालक वाहन लेकर भागने लगा तो पुलिस ने पीछा कर ट्रक को पकड़ लिया।
शाहजहांपुर जिले के बंडा थाना के गांव सैदापुर निवासी सुरेंद्र पाल पुत्र मिश्रीलाल (55) अपने छोटे भाई पवन कुमार और साले धीरेंद्र कुमार के साथ थाना क्षेत्र की गांव बानगंज में बेटी की शादी का न्योता देने गए थे। बुधवार की शाम बाइक से घर लौटते समय थाना गजरौला की जरा चौकी के पास शिवनगर लिंक मार्ग से जैसे ही मोटरसाइकिल हाईवे पर पहुंची तभी अचानक ट्रक के पीछे का हिस्सा बाइक सवार को लग गया।
इससे वह ट्रक के नीचे आ गए। हादसे में सुरेंद्र पाल की मौके पर ही मौत हो गई। बेटी की शादी चार मार्च को होनी है। भाई पवन कुमार ने बताया कि वह बाइक चला रहे थे। बड़े भाई सुरेंद्र पाल खेती करते थे। इनके दो बेटी और दो बेटा है। एक बेटी की शादी हो चुकी है। दूसरी बेटी की शादी होनी है। संवाद