पीलीभीत। एलएच चीनी मिल के गन्ना क्रय केंद्र शाही द्वितीय का बुधवार को डीसीओ डॉ. खुशीराम भार्गव ने निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। साथ ही किसानों से बात कर तौल से संबंधित फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान डीसीओ ने कांटा जांच, रजिस्टर, दैनिक गन्ना खरीद, यार्ड रजिस्टर आदि अभिलेख देखे। क्रय केंद्र पर खमरिया पुल के किसान धर्मपाल गन्ने से भरी ट्रॉली तौल कराने के लिए खड़े थे, उनकी तौल अपने सामने कराई। क्रय केंद्र पर 10 टन क्षमता का इलेक्ट्रॉनिक कांटा मिला। बुधवार को क्रय केंद्र पर 6331 क्विटंल गन्ना खरीद पाई गई।
निरीक्षण के दौरान डीसीओ ने किसानों से कहा कि अगर गन्ना तौल में किसी प्रकार की कोई परेशानी हो तो उसकी सूचना तत्काल दें। साथ ही कहा कि किसान एसएमएस पर्ची आने पर ही गन्ने की कटाई करें। किसी भी परिस्थिति में गन्ने की पत्ती खेत में न जलाएं। निरीक्षण के दौरान गन्ना समिति की राम भद्र द्विवेदी, प्रदीप अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे।