लोको ट्रायल सफल होने पर खुशी मनाते कर्मचारी । संवाद
कुर्रैया हाल्ट से शाहगढ़ तक हुआ लोको ट्राॅयल, 80 किमी की रफ्तार से दौड़ा इलेक्ट्रिक इंजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। रेलवे के आमान परिवर्तन में कुर्रैया हाल्ट और दुुधियाखुर्द के बीच विद्युतीकरण का काम पूरा होने के बाद मंगलवार शाम को कुर्रैया हाल्ट से शाहगढ़ तक इलेक्ट्रिक इंजन का लोको ट्राॅयल हुआ। 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पहली बार इलेक्ट्रिक इंजन दौड़ा। ऐसे में अब अगले सप्ताह सीआरएस की उम्मीद जताई जा रही है। रेल अधिकारियों का कहना है कि सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही शाहगढ़ से लखनऊ के बीच ट्रेनों से सफर शुरू हो जाएगा।
मैलानी से पीलीभीत तक 31 मई 2018 को ट्रेनों का आखिरी सफर हुआ था। पूरनपुर जंक्शन बंद कर दिया गया और इसके बाद आमान परिवर्तन का काम शुरू हुआ। मैलानी से शाहगढ़ तक पटरी बिछाने का काम करीब दो साल पहले पूरा होने के बाद यहां एक बार सीआरएस निरीक्षण भी हो हुआ।
इसी दौरान मैलानी से शाहगढ़ तक विद्युतीकरण के काम में कुर्रैया हाल्ट और दुधियाखुर्द के बीच वन विभाग ने अड़ंगा लगा दिया, वन विभाग से एनओसी मिलने के बाद कुर्रैया हाल्ट और दुधियाखर्द के बीच भी विद्युतीकरण का काम पूरा किया गया। ऐसे में मंगलवार शाम को विधि-विधान से पूजन के बाद शाम 8:06 बजे लोको ट्राॅयल शुरू हुआ।
रात 9:22 बजे इलेक्ट्रिक इंजन शाहगढ़ पहुंचा। शाहगढ़ से वापसी में शाम 9:40 बजे इलेक्ट्रिक इंजन चलकर रात 10.19 बजे कुर्रैया हाल्ट पहुंचा। इसके बाद इंजन मैलानी रवाना हो गया। लोको ट्राॅयल के दौरान इंजन की अधिकतम स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा रही। सेक्शन प्रभारी मैलानी-पीलीभीत रेल विद्युतीकरण परियोजना कृष्ण मोहन विश्वकर्मा, रमेश सिंह लोको निरीक्षक, पीके चतुर्वेदी यातायात निरीक्षक ने ट्राॅयल कराया। इंजन को लोको पायलट राममूर्ति ने चलाया।
अब आरवीएनएल अफसर अगले सप्ताह मुख्य विद्युत इंजीनियर गोरखपुर की ओर से निरीक्षण की संभावना जता रहे है। रेल अधिकारियाें का मानना है कि सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही शाहगढ़ से लखनऊ तक ट्रेनों से सफर शुरू हो जाएगा।