पूरनपुर। रेलवे के अंडरपास में भरे पानी को निकालने को पंपिंग सेट का इंजन खराब होने से शाहगढ़ रेलवे के पश्चिमी अंडरपास में चार फीट पानी भर गया। करीब चार घंटे अंडरपास से लोगों का आवागमन बंद रहा। अधिकांश लोगों ने पटरी पार कर आवागमन किया। भरा पानी पंपिंग सेट से निकालने के बाद आवागमन शुरू हो सका। तब लोगों ने राहत की सांस ली।
मैलानी से शाहगढ़ तक पटरी बदलने के दौरान शाहगढ़, सेहरामऊ सहित अन्य स्थानों पर अंडरपास बनाए गए। अधिकांश अंडरपास में जलभराव होने से लोगों को पानी में घुसकर आवागमन करना पड़ता है। शाहगढ़ रेलवे स्टेशन के पश्चिम में बने अंडरपास में नीचे से हर समय पानी रिसकर भरता है। जिसे दिन में कई बार पंपिंग सेट से निकलवाया जाता है। सोमवार को पंपिंग सेट का इंजन खराब हो गया। इससे पानी नहीं निकाला जा सका। परिणाम स्वरूप अंडरपास में चार फिट तक पानी भरने से आवागमन बंद हो गया। पैदल और साइकिल सवारों ने पटरी पार कर आवागमन किया। करीब चार घंटे बाद पंपिंग सेट इंजन सही होने पर अंडरपास में भरा पानी निकाला गया। तब कहीं अंडरपास से आवागमन शुरू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
इन गांव के लोगों का अंडरपास से होता है आवागमन
गांव कटपुरा, शाहगढ़, चतुरभुजपुर, करनापुर, गुरदाह, अभयपुर, कुंवरपुर, बिचपुरी, अमृता दिलीपपुर, अठकोना, भैरो कलां, भैरो खुर्द, इमलिया, गुलडिय़ा, बलकरनपुर, मथना, बंगला उर्फ मित्रसेनपुर, रायपुर आदि गांव के लोगों का आवागमन इस अंडरपास से होता है।
पूरनपुर क्षेत्र के शाहगढ़ रेलवे स्टेशन की पश्चिमी अंडरपास में भरा पानी। संवाद- फोटो : PILIBHIT