दियोरिया कलां। बीसलपुर-दियोरिया होते हुए पूरनपुर जाने वाले मार्ग पर नरई की पुलिया के पास ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली शनिवार को फंस जाने से पिछले 24 घंटे से आवागमन बाधित है। सड़क के बीचोंबीच ट्रैक्टर ट्राली फंसी होने के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले वाहनों के चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दो पहिया वाहनों का निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक यह मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। करीब 24 घंटे बीतने के बाद भी ट्रैक्टर-ट्राली नहीं हटाए जाने से राहगीरों और वाहन चालकों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ट्रैक्टर-ट्राली हटवाकर यातायात सुचारू कराने के साथ ही जर्जर मार्ग की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है। संवाद