बीालपुर बिलसंडा रोड के मानपुर चौंराहे पर पुतला फूंकते व्यापार फैंस क्लब के कार्यकर्ता ।संवाद
बीसलपुर। व्यापार फैंस क्लब के बैनर तले व्यापारियों ने बिलसंडा रोड के मानपुर चौराहे पर जलभराव के विरोध में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। बाद में बिलसंडा बीडीओ का पुतला फूंका। कहा, कांवड़ियों को चौराहे पर भरे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, लेकिन प्रशासन कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
व्यापार फैंस क्लब के जुड़े व्यापारी रविवार दोपहर बिलसंडा रोड के मानपुर चौराहे पर जमा हुए और चौराहे पर जलभराव के विरोध में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन करने लगे। बाद में बिलसंडा के क्षेत्र पंचायत अधिकारी (बीडीओ) का पुतला फूंका। व्यापारियों का कहना था कि अधिकारी मानपुर चौराहे पर जलभराव की समस्या का समाधान नहीं करा पा रहे हैं। जलभराव के कारण इधर से गुजरने वाले कांवड़ियों को खासी दिक्कत हो रही है।
व्यापारियों का आरोप था कि क्षेत्र पंचायत अधिकारी से कई बार इस समस्या का समाधान करने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने इसे अब तक गंभीरता से नहीं लिया है। इस दौरान क्लब के जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, वीरपाल गंगवार, अशोक कुमार, सुबोध गंगवार, अवनीश गंगवार, अमित शर्मा, दीनदयाल आदि व्यापारी मौजूद रहे।