कलीनगर। पत्नी और बच्चों की गैरमौजूदगी में व्यापारी ने साड़ी का फंदा बनाकर कुंडे से लटककर आत्महत्या कर ली। पत्नी के घर पहुंचने पर दरवाजा बंद मिला। सूचना के बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव फंदे से उतारा। पुलिस की जांच में घटना के पीछे घरेलू कलह की वजह सामने आई है।
कलीनगर के वार्ड नंबर चार निवासी 45 वर्षीय राजू पांडे आसरा आवास में परिवार के साथ रहते थे। माधोटांडा कस्बे में उनकी मिठाई की दुकान है। मंगलवार को किसी बात को लेकर उनकी पत्नी से कहासुनी हो गई। इसके बाद पत्नी सोनी बच्चों को लेकर कस्बे में ही रिश्तेदार के घर चली गई। राजू घर पर अकेले थे।
बुधवार सुबह पत्नी घर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर अंदर कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा तो अंदर राजू का शव कुंडे के सहारे साड़ी के फंदे से लटका मिला। राजू की दो पुत्रियां व एक पुत्र है। एसओ अचल कुमार ने बताया कि घरेलू कलह में आत्महत्या की बात सामने आई है। परिजन की ओर से कार्रवाई के लिए कोई तहरीर नहीं दी गई है।