शहर की टनकपुर रोड पर सड़क किनारे पटरी पर डाली गई मिटृटी ।संवाद
पीलीभीत। छतरी चौराहा से कलक्ट्रेट तिराहा तक टनकपुर हाईवे के किनारे की पटरी और सड़क की ऊंचाई काफी असमान है। ऐसे में वाहन को सड़क पर लाने में हादसे की आशंका रहती है। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद अब पटरी पर मिट्टी डालकर उसे सड़क के बराबर किया जा रहा है।
टनकपुर हाईवे का चौड़ीकरण न होने के कारण हादसे की आशंका रहती है। यही नहीं सड़क के दोनों ओर पटरी की भी स्थिति ठीक नहीं है। पटरी और सड़क के बीच काफी अंतर है। हालत यह है कि यदि छोटा वाहन सड़क के नीचे उतर गया तो उसे दोबारा सड़क पर आने के लिए काफी दूर तक किनारे-किनारे जाना होता है। यही नहीं रात के समय बाइक चालकों को साइड लेने के दौरान हादसे की आशंका बनी रहती है। इसको लेकर जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं।
अभी हाल में ही डीएम ने पटरी को ठीक कराने के लिए कहा था। इसके बाद अब छतरी चौराहे से कलक्ट्रेट तक पटरी और सड़क के अंतर को कम करने के लिए मिट्टी डाली जा रही है। जहां पर मिट्टी पड़ गई वहां पर अब लोगों को राहत मिल रही है।
नेहरु पार्क के पीछे सड़क के भरे गए गड्ढे
टनकपुर हाईवे से नेहरु पार्क के पीछे करीब दो साल पहले लोक निर्माण विभाग ने सड़क का निर्माण कराया गया था। इस रोड पर काफी गहरे गड्ढे हो गए थे। गड्ढों के कारण लोगों का निकलना दूभर हो गया था। अमर उजाला ने यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। अब रोड के गड्ढों को भर दिया गया है। गड्ढों के भर जाने से फिलहाल लोगों को राहत मिली है।