मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस पर सैलानियों की लगी भीड़। स्रोत - पर्यटक
कलीनगर। साल के अंतिम दिन रविवार को पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में खासी भीड़ रही। रविवार को जंगल सफारी वाहनों के लिए सैलानियों को भी मुस्तफाबाद में ही वाहनों का इंतजार करना पड़ा। रविवार को दो सौ से अधिक सैलानियों ने चूका बीच की सैर की। इसके साथ ही अधिकारियों ने नए साल पर चूका पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पहले से ही तैयारी पूरी कर ली है।
पीटीआर का पर्यटन सत्र 15 नवंबर से शुरू हो चुका है। चूका बीच की जिम्मेदारी वन निगम व जंगल क्षेत्र में बने गेस्ट हाउस की जिम्मेदारी टाइगर रिजर्व के अधीन है। साल के अंतिम दिन रविवार को चूका बीच पर्यटकों से गुलजार दिखा। पर्यटकों की बढ़ी संख्या के आगे वाहनों की संख्या कम पड़ गई।
मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस पर चूका बीच व जंगल सफारी का आनंद लेने के लिए पहुंचे पर्यटकों को वाहनों के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। हालांकि टाइगर रिजर्व के अधिकारियों ने सैलानियों को मायूस होने नहीं दिया। अंतिम दिन रविवार को टाइगर रिजर्व में 200 से अधिक सैलानियों ने जंगल व चूका बीच की सैर की।
सोमवार को साल के पहले दिन सैलानियों की संख्या अधिक बढ़ने की उम्मीद है। इसके मद्देनजर अफसरों में अतिरिक्त स्टाफ लगाकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया है। रेंजर सहेंद्र यादव ने बताया कि सैलानियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।