पूरनपुर। दूसरे पति की संपत्ति हड़पने के लिए महिला ने अपने पूर्व पति से जन्मे पुत्र और पुत्री का फर्जी जन्म प्रमाण पत्र और उसके आधार पर बच्चों के संशोधित आधार कार्ड बनवा लिए। शिकायत पर नगर पालिका से फर्जी प्रमाण पत्र निरस्त कर दिए गए। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मोहल्ला कायस्थान निवासी रामनिवास की ओर से उसकी दूसरी पत्नी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मोहल्ला कायस्थान निवासी रामनिवास ने बताया कि उसकी पत्नी प्रभावती की मौत के बाद उसने दूसरा विवाह बीसलपुर के गांव रड़ैता निवासी निराश्रित अनुराधा से किया। अनुराधा और संजीव से दो संतानों में पुत्री रद्धा शर्मा और पुत्र सार्थक है।
जब उसने अनुराधा से शादी की तब उक्त दोनों बच्चों के पालन-पोषण की कोई जिम्मेदारी नहीं ली। बच्चे अपने दादा-दादी के पास रहेंगे और उसका बच्चों से कोई लेना-देना नहीं रहेगा यह तय हुआ। रामनिवास ने बताया कि मोहल्ला कायस्थान में उसका मकान और सिरसा रोड पर चार बीघा जमीन है।
आरोप है कि अनुराधा ने उसकी संपत्ति हड़पने की नीयत से पूर्व पति से जन्में दोनों बच्चों के फर्जी जन्म प्रमाण पत्र नगर पालिका से सांठगांठ कर बनवा लिए। इसके आधार पर दोनों बच्चों के आधार कार्ड भी संशोधित करवा कर उनपर पिता के नाम के कॉलम में उसका नाम दर्ज करवा लिया।
इसकी शिकायत उसने पुलिस से की। तब नगर पालिका ने दोनों फर्जी जन्म प्रमाण पत्रों को निरस्त कर इसकी सूचना पुलिस को दी। उनसे कोर्ट की शरण ली। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर रामनिवास की ओर से उसकी दूसरी पत्नी अनुराधा के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।