कलीनगर। शहर के नजदीक से पकड़ी गई बाघिन पांचवें दिन भी पिंजरे में कैद रही। खून की जांच रिपोर्ट न मिलने के कारण उसे छोड़े जाने को लेकर कोई निर्णय नहीं हो सका है। फिलहाल डॉक्टर बाघिन की निगरानी में जुटे हैं।
पांच दिन पहले बाघिन शहर के नजदीक देवहा नदी किनारे इस्लामनगर क्षेत्र में रखे पिंजरे में कैद हो गई थी। इसके बाद से बाघिन को पीटीआर मुख्यालय के नजदीक डिप्टी डायरेक्टर के आवास में रखा गया है। जांच पड़ताल के बाद बाघिन के अस्वस्थ होने की पुष्टि हुई। इसके बाद विभागीय अफसरोंं के निर्देश पर तीन डॉक्टरों के पैनल ने बाघिन का इलाज शुरू किया था। ब्लड के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। इनकी रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।
जांच रिपोर्ट न आने से बृहस्पतिवार को भी बाघिन को पिंजरे में ही कैद रहना पड़ा। अधिकारियों की मानें तो ब्लड रिपोर्ट अभी नहीं आ सकी है। रिपोर्ट आने के बाद पीसीसीएफ वाइल्डलाइफ को पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा। इसके बाद ही बाघिन को छोड़ने का निर्णय लिया जा सकेगा।