लोकार्पण करते राज्य मंत्री सजय सिह गंगवार ।
राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने किया लोकार्पण
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। असम रोड स्थित टाइगर तिराहा पर 38 लाख की लागत से लगाई गईं 35 लाइटों का सोमवार शाम को गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर राज्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में तीसरा इंजन नगर पंचायत जुड़ा है। इससे अब शहर से लेकर गांव तक विकास होगा।
असम रोड तिराहे पर टाइगर तिराहे से मुक्ति धाम तक 35 लाइटें लगाई गईं हैं। शहर में आने व बाहर जाने के लिए यह प्रमुख रास्ता है। लंबे समय से यहां लाइटों की दरकार थी। सोमवार शाम को लखनऊ से लौटते समय गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार टाइगर तिराहे पर पहुंचे।
यहां लाइटों के लगाए गए शिलापट का लोकार्पण करते हुए कहा कि पीलीभीत तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने हाल ही में तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा की हुई प्रचंड जीत के बारे में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों के प्रति जनता में निरंतर विश्वास बना हुआ है।
इस अवसर पर ललौरीखेड़ा ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, मनोज मिश्रा सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं अधिकारी मौजूद रहे।