बाघ हमले में घायल सुजीत राय।स्रोत:ग्रामीण
कलीनगर (पीलीभीत)। जंगल से निकला बाघ चार किलोमीटर तय कर शारदा डैम के संपर्क मार्ग पर पहुंच गया। यहां उसने एक युवक को हमला कर घायल कर दिया। युवक को सीएचसी के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम दिनभर उसकी निगरानी में जुटी रही।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की महोफ रेंज के जंगल से निकलकर पानी के रास्ते बाघ सोमवार सुबह कलीनगर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत शारदा सागर डैम के छह किलोमीटर पर स्थित नगरिया खुर्द कला गांव की सीमा में संपर्क मार्ग पर पहुंचा। यहां उसने सुजीत राय (40) पर हमला कर दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। ग्रामीणों की मदद से घायल को उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया। जानकारी के बाद पीटीआर और सामाजिक वानिकी के एसडीओ रमेश चौहान व अंजनी कुमार श्रीवास्तव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और निगरानी शुरू कर दी।
बाघ के लौटने का इंतजार
ग्रामीणों का कहना है कि बाघ संपर्क मार्ग के किनारे डैम की पिचिंग की झाड़ियों में ही बैठा है। एक ओर पानी का लंबा रास्ता है तो दूसरी ओर आबादी। ऐसे में खतरा बरकरार है। वहीं वन विभाग बाघ के लौटने का इंतजार कर रहा है। टीम को निगरानी के लिए लगाया गया है। ग्रामीणों को दूर रहने की हिदायत दी गई है।
सूचना के बाद विभागीय टीम मौके पर पहुंच गई है। टीम को लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीणों को जागरूक कर दूर रहने की अपील की गई है। बाघ के लौटने का इंतजार किया जा रहा है।
- अरुण कुमार श्रीवास्तव, रेंजर बराही
बाघ हमले में घायल सुजीत राय।स्रोत:ग्रामीण