अमरिया क्षेत्र के क्योलारा गांव में तीन दिनों से देखी जा रही बाघ की सक्रियता
अमरिया। जंगल से बाहर अमरिया क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी से लोगों में दहशत है। तीन दिन से क्योलारा गांव की सीमा में चहलकदमी कर रहे बाघ ने बृहस्पतिवार सुबह खेतों में घूम रहे बछड़े पर हमलाकर मार डाला। किसानों की सूचना पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बाघ के पगचिह्न ट्रेस किए हैं।
क्योलारा गांव निवासी किसान वीरपाल सिंह, बलजीत सिंह, बैसाखा सिंह, रिंकू आदि के खेतों में पिछले तीन दिन से बाघ की चहलकदमी देखी जा रही है। गन्ने की फसल खड़ी होने से बाघ को छिपने का भी पर्याप्त सहारा मिल रहा है। ऐसे में किसान खेतों की ओर जाने से कतरा रहे हैं। किसानों का आरोप है कि सूचना के घंटों बाद वनकर्मी मौके पर पहुंचते हैं और निगरानी की बात कहते हुए लौट जाते हैं। वन दरोगा सोनी सिंह ने बताया कि किसान वीरपाल सिंह के खेत में बाघ ने बछड़े को निवाला बनाया। निगरानी बढ़ा दी गई है। दरअसल अमरिया क्षेत्र में डेढ़ माह से बाघ की सक्रियता बनी हुई है। बीस किलोमीटर के दायरे में बाघ चहलकदमी कर किसानों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है।