मोहल्ला साहूकारा निवासी गायत्री अग्रवाल बाजार से लौट रही थीं। इसी दौरान चौक बाजार में तीन युवकों ने उनसे चेन और एक अंगूठी निकलवा ली। वह कुछ समझ पातीं तब तक आरोपी भाग गए। इस घटना के बाद व्यापारियों में खासा आक्रोश है। उनका कहना है कि पुलिस सूचना देने के एक घंटे बाद पहुंची है।
नगर निवासी हरिओम अग्रवाल की पत्नी गायत्री ने बताया कि वह चौक बाजार से दोपहर करीब 12 बजे घर की ओर जा रही थीं। राजा साहब की सराफा बाजार में साहूकारा वाली कोठी के पास से गली में मुड़ीं तभी एक युवक आया और पीछे बाइक सवार की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह बुला रहा है। बाइक सवार के पास पहुंचीं तो वह फोन पर किसी से बात कर रहा था। इसी दौरान एक युवक और आ गया।
महिला के अनुसार, फोन पर बात खत्म होने के बाद युवक बोला कि बाजार में कुछ देर पहले एक बुजुर्ग के जेवर किसी ने छीन लिए हैं। आप भी अपने जेवर उतारकर रख लो। बाद में आए युवक ने अपनी चेन और अंगूठी उतारकर बाइक सवार को दे दी। उन्होंने भी युवक को जेवर उतारते देख अपनी एक तोला की चेन और आधे तोला की अंगूठी उतारकर पर्स में रख ली। बाइक सवार आरोपी ने कहा कि यह जेवर हमें दो पुड़िया में ठीक से बांधकर देते हैं, जिससे कि कहीं गिर न जाएं।
गायत्री देवी ने चेन और अंगूठी युवक को दे दी। कुछ देर में उसने एक पुड़िया वापस कर दी। घर पहुंचकर जब उन्होंने पुड़िया खोली तो उसमें गिट्टी बंधी हुई थी। यह देख वह तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। तब तक तीनों ठग जा चुके थे। व्यापारियों का आरोप है कि सूचना के एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस सूचना मिलने के तत्काल बाद पहुंच गई। सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है। बाइक सवार आरोपी हेलमेट लगाए थे। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
- सुनील दत्त, सीओ सिटी