पीलीभीत के रेलवे जंक्शन पर समारोह के लिए की जा रही तैयारियां।संवाद
पीलीभीत। मैलानी रेलखंड पर ट्रेनों के संचालन को लेकर कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। रविवार से मैलानी रूट पर तीन जोड़ी ट्रेनों का नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इसको लेकर रविवार को केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र प्रसाद पीलीभीत पहुंच रहे हैं। यहां वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी देंगे।
आमान परिवर्तन के कार्य के बाद से पीलीभीत-मैलानी रेल खंड पर ट्रेनों के संचालन की लंबे समय से मांग की जा रही थी। इज्जतनगर मंडल के संपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार को शुभारंभ के बाद इस रेल खंड पर पीलीभीत-मैलानी के बीच तीन जोड़ी ट्रेनें चलाई जाएंगी। इसके अलावा पीलीभीत-लखनऊ के बीच एक जोड़ी ट्रेन का नियमित संचालन होगा।
उन्होंने बताया कि रविवार को पीलीभीत रेलवे स्टेशन पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें रेल, सूचना एवं प्रसारण, इलेक्ट्राॅनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पीलीभीत-शाहगढ़-मैलानी आमान परिवर्तित रेलखंड पर विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद, राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख के अलावा सभी विधायक, पूर्वोत्तर रेलवे की महाप्रबंधक सौम्या माथुर, मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर रेखा यादव आदि अफसर मौजूद रहेंगे।