हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार काल बन गई। अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। बरेली हाईवे पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की जान चली गई। असम हाईवे पर साइकिल सवार किसान को बस से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। तीसरा हादसा पूरनपुर-खटीमा रोड पर रघुनाथपुर के पास हुआ। जहां तेज रफ्तार से दौड़ती कार पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। इसमें गंभीर चोटें आने से कार चालक की मौत हो गई। चका गांव की रहने वाली 40 वर्षीय आयना उर्फ अन्नो बेगम पत्नी जुम्मा रविवार को अस्पताल में भर्ती अपने एक रिश्तेदार को देखने बरेली गईं थी। वहां से देर रात अपने बेटे दानिश के साथ बाइक पर घर लौट रही थीं। रोस्ते में बरेली हाईवे पर ललौरीखेड़ा के पास उनकी बाइक में पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में अन्नो बेगम गंभीर रुप से घायल हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी भिजवाया। जहां अन्नो बेगम को मृत घोषित कर दिया गया। सोमवार को पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। ग्राम बिठौराकलां गांव निवासी 45 वर्षीय लालाराम साइकिल पर गेहूं लादकर आटा चक्की जा रहा था। रविवार सुबह करीब 11 बजे मेन चौराहा पर पहुंचने पर प्राइवेट बस ने साइकिल को टक्कर मार दी। इसमें किसान की मौके पर मौत हो गई। इसका पता लगने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। कलीनगर कस्बा 33 वर्षीय निवासी नरेंद्र पुत्र रामधारी किराए पर कार चलाता है। रविवार को वह कस्बे के राजेश की शादी में बारातियों को लेकर पूरनपुर के बैवहा गांव गया था। वहां से रात में करीब दो बजे बारात से दूल्हा-दुल्हन को लेकर घर लौट रहा था। खटीमा-पूरनपुर मार्ग पर रघुनाथपुर के पास कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद खाई में पलट गई। इसमें कार चालक नरेंद्र, दूल्हा राजेश, दुल्हन कांति आदि घायल हो गए। पीछे से आ रहे अन्य बारातियों ने मौके पर पहुंचकर कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पूरनपुर सीएचसी ले जाकर भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर चालक नरेंद्र को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीलीभीत ले जाते वक्त रास्ते में चालक नरेंद्र की मौत हो गई।