बृहस्पतिवार की रात माधोटांडा मार्ग पर खड़ी गन्ना भरी ट्राली से बोलेरो टकरा गई। इस दुर्घटना में बोलेरो सवार हरीपुर रेंजर सहित तीन लोग घायल हो गए। तीनों को जिला अस्पताल लाया गया जहां हालत गंभीर होने बरेली रेफर कर दिया गया है। टाइगर रिजर्व की हरीपुर रेंज में तैनात वन क्षेत्राधिकारी राजकुमार शर्मा रात में विभागीय बोलेरो गाड़ी से पीलीभीत आ रहे थे। उनके साथ पत्नी रजनी शर्मा और वन दरोगा सुमित भी थे जबकि गाड़ी सरकारी चालक चला रहा था। पीलीभीत-माधोटांडा मार्ग पर देवीपुर के पास सामने से आ रही गाड़ी की रोशनी में चालक सड़क पर आगे खड़ी गन्ने भरी ट्राली का अंदाजा नहीं लगा पाया, इससे बोलेरो ट्राली में पीछे से जा घुसी। इस दुर्घटना में हरीपुर रेंजर, उनकी पत्नी एवं वन दरोगा सुमित घायल हो गए। हालांकि चालक सुरक्षित रहा। राहगीरों की मदद से तीनों को जिला पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की स्थिति गंभीर होने पर बरेली रेफर कर दिया गया। बताते हैं दुर्घटना में सबसे ज्यादा चोट रेंजर की पत्नी के आई है जबकि रेंजर के पैर और हाथ में फैक्चर है। चिकित्सकों को उनके पैर का आपरेशन करना पड़ा है।