- इन केंद्रों पर मुफ्त होगा पंजीकरण, 10 मार्च तक करा सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
- राज्य हज समिति ने जारी किए आवेदनों को लेकर दिशा निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। हज यात्रा पर जाने वाले लोगों की सुविधा के लिए जिले में तीन ई सुविधा केंद्रों को खोला गया है। यहां पर जाने वाले लोग दस मार्च तक अपना पंजीकरण मुफ्त करा सकते हैं। इसके लिए राज्य हज समिति की ओर से दिशा निर्देश जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को भेजे गए हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को भेजे गए दिशा निर्देशों में ऑनलाइन पंजीकरण के लिए हज सुविधा केंद्र खोले जाने के आदेश दिए गए हैं ताकि लोगों को परेशान न होना पड़े। शासन से मिले दिशा निर्देश के बाद जिले में तीन सेंटरों को खोला गया है। हज यात्रा के लिए लोगों को सदर क्षेत्र में मोहल्ला भूरे खां में मदरसा सर चश्मे हिदायत, बीसलपुर के मोहल्ला ग्यासपुर में नूरी इस्लामिक और पूरनपुर में मदरसा अल जामियातुल अहमदनगर में सेंटर को खोला गया है। यहां पर मुफ्त में यात्रा पर जाने वाले लोगों का पंजीकरण किया जाएगा।
यह जारी किए गए नियम
हज यात्रा पर जाने वालों के लिए नियम भी जारी किए गए हैं। नियमों में कहा गया है कि हज यात्रा 2023 में ऑनलाइन आवेदन दस मार्च तक होंगे। आवेदक की निर्धारित तारीख को अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट की वैधता तीन फरवरी 2024 से कम नहीं होनी चाहिए। आवेदक के लिए मान्यता प्राप्त कोविड 19 की वैक्सीन का टीका लगा होना चाहिए। अथवा उड़ान से एक माह पूर्व लगवाना अनिवार्य होगा।
हज यात्रा पर जाने वाले लोगों के लिए जिले में तीन सेंटरों को खोला गया है। लोग सेंटरों पर जाकर पंजीकरण करा सकते हैं।
-केपी सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी