बसपा के शैलेंद्र गंगवार समेत तीन प्रत्याशियों को नोटिस
विधानसभा बरखेड़ा व सदर के तीन प्रत्याशियों को आय-व्यय का लेखाजोखा न देने पर एसडीएम सदर की ओर से नोटिस जारी किया गया है। जिसमें प्रत्याशियों से 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है। जिला पंचायत सभागार में शनिवार को पहले दिन बरखेड़ा व सदर विधानसभा के प्रत्याशियों का आय-व्यय चेक किया गया। इसमें सभी प्रत्याशियों से उनके वाहन, जनसभा खर्च, कार्यालय खर्च आदि समस्त का ब्योरा मांगा गया। इस दौरान बरखेड़ा विधानसभा से बसपा प्रत्याशी डा.शैलेंद्र गंगवार के प्रतिनिधि आय व्यय का ब्योरा देने नहीं पहुंच सके। जिस पर उनको एसडीम जेपी चौहान ने नोटिस जारी किया है। इसके अलावा सदर विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी विजय गंगवार और राजरानी लोधी भी आय व्यय का ब्योरा लेकर नहीं पहुंच सके। देर शाम इनके खिलाफ भी नोटिस देने को कहा गया। सदर विधानसभा के आय व्यय टीम प्रभारी प्रदीप चौहान (जिला क्रीडा अधिकारी) और बरखेड़ा विधानसभा के एमपी मेहरोत्रा रहे। रविवार को बीसलपुर व पूरनपुर विधानसभा के प्रत्याशियों का आय व्यय चेक किया जाएगा।