बीसलपुर के गांव पुरैना की दुकान में चोरों ने लगाया नकब।
बीसलपुर। कोतवाली के गांव पुरैना में एक भवन में चल रही दो दुकानों से चोरों ने नकब लगाकर लगभग दो लाख का सामान चुरा लिया। पुलिस ने तहरीर मिलने बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
गांव पुरैना निवासी मुकेश बाबू ने बताया कि गांव के बाहर उनका जनसेवा केंद्र है। उसी भवन में उनके भाई अरविंद कुमार की सिलाई की दुकान है। दोनों दुकानों के बीच में कपड़े का पर्दा पड़ा है। शुक्रवार रात चोरों ने किसी समय पीछे की दीवार में नकब लगाकर दुकान में प्रवेश किया। चोरों ने जनसेवा केंद्र से एक प्रिंटर, लैपटॉप, इंवर्टर, कंप्यूटर और 63 हजार की नकदी चोरी कर ली।
सिलाई की दुकान से चोर दो मशीनें ले गए। चोरों ने कीमती सामान ढूंढने के चक्कर में काफी सामान तहस-नहस कर दिया। शनिवार को दोनों भाई जब दुकान खोलने गए तब उन्हें चोरी की जानकारी हुई। मुकेश बाबू ने खनंका पुलिस चौकी में मामले की तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि चोर दोनों दुकानों से लगभग दो लाख का सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने तहरीर मिलने के बावजूद रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।