पीलीभीत/ बरखेड़ा। बरखेड़ा निवासी युवक ने बीसलपुर में रहने वाले किन्नर पर नाजुक अंग काटकर सड़क किनारे फेंके जाने का आरोप लगाया है। घायल युवक को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि किन्नर उसे बीसलपुर में बताशे वाली से उठा ले गए। कई दिन बंधक बनाए रखा। नाजुक अंग काटकर रविवार की सुबह करीब पांच बजे बरखेड़ा में भैसहा मार्ग के किनारे गाड़ी से फेंक गए।
बरखेड़ा निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका 32 वर्षीय भाई 12 मार्च मंगलवार को कुछ सामान खरीदने बीसलपुर गया था। आरोप है कि बताशे वाली गली से कुछ किन्नर उसे उठा ले गए। घर ले जाकर उसे बंधक बना लिया। चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और उसका नाजुक अंग काट दिया। होश आया तो पीड़ित ने भागने का प्रयास किया, लेकिन घर में ताला लगा हुआ था।
रविवार की सुबह पांच बजे पीड़ित को कार से लाकर बरखेड़ा कस्बे के निकट गांव भैंसहा जाने वाले मार्ग पर घायल अवस्था में फेंककर चले गए। युवक को रास्ते में पड़ा देख राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से उसे सीएचसी में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही परिजन भी पहुंच गए। परिजनों ने बरखेड़ा पुलिस को तहरीर दी। बरखेड़ा पुलिस ने घटनास्थल बीसलपुर होने के कारण परिजनों को बीसलपुर जाने को कहा। उधर, बीसलपुर कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि परिजनों की तरफ से अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
बड़ी घटनाओं से अंजान रहते हैं सीओ बीसलपुर
मामले की जानकारी देने के लिए सीओ बीसलपुर विशाल चौधरी का सीयूजी नंबर मिलाया गया। पहले तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। कई कॉल के बाद जब फोन उठा तो सीओ ने घटना की जानकारी न होने की बात कही। कुछ समय पहले बरखेड़ा कस्बे की लड़की को गैर समुदाय का युवक ले गया था। इस मामले में भी सीओ की लापरवाह कार्यशैली चर्चा में रही थी। दो दिन तक परिजनों और हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने घंटों जाम लगाया था।
डॉक्टर ने कहा- पहले ही हो चुकी है नाजुक अंग की सर्जरी
युवक का इलाज करने वाले सीएचसी के डॉक्टर ने बताया कि युवक के नाजुक अंग पर जिस तरह का घाव दिखाई दे रहा है। वह कई दिन पहले का लग रहा है। अनुमान है कि युवक की पूर्व में ही सर्जरी की जा चुकी है। हाल फिलहाल का ऐसा कोई घाव दिखाई नहीं दे रहा है। हालत भी ज्यादा खराब नहीं लग रही थी।