भारत नेपाल सीमा पर निगरानी करते एसएसबी और मणिपुर के जवान । संवाद
कलीनगर। लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को मतदान के दिन नेपाल सीमा पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रहे। सुबह से ही पुलिस और एसएसबी के अलावा मणिपुर का फोर्स भी तैनात रहा। इसके अलावा ड्रोन से भी सीमा क्षेत्र पर नजर रखी गई।
जनपद की सीमा नेपाल से मिली होने के साथ खुली हुई है। चुनाव को लेकर 72 घंटे पहले सीमा को सील कर दिया गया था। सीमावर्ती क्षेत्र सुंदरनगर, बूंदीभूड़ और नौजल्हा में मतदान केंद्र होने के चलते सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। शुक्रवार को मतदान को लेकर सीमा पर पुलिस के दो दरोगा और चार सिपाहियों के अलावा एसएसबी और मणिपुर फोर्स के 10 से अधिक जवान पिलर संख्या 21 के आसपास नजर बनाए रहे।
इस दौरान आने-जाने वालों पर पूरी नजर रखी गई। इसके अलावा ड्रोन की मदद से कच्चे रास्तों पर निगरानी की गई।
सीमा के मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण सम्पन्न हुआ मतदान
कलीनगर। नेपाल सीमा से सटे नौजल्हा, बंदरभोज और सुंदरनगर स्थित मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। नौजल्हा में 80 प्रतिशत से अधिक वोट पड़े। यही स्थिति अन्य मतदान केंद्रों की रही। सुरक्षा को लेकर पुलिस तैनात रही। चुनाव में लगे अधिकारी भी निरीक्षण कर स्थिति को परखते रहे। संवाद