पीलीभीत। ग्राम पंचायत में ग्राम निधि की धनराशि में प्रधान ने बंदरबांट कर लिया। ग्रामीण की शिकायत पर डीएम ने मामले की जांच बैठा दी है। इसके लिए दो जांच अधिकारी नामित किए गए हैं। जांच अधिकारियों से 15 दिन में रिपोर्ट मांगी गई है।
बीसलपुर की ग्राम पंचायत पहाड़गंज के इलियास पुत्र सादिक खा ने शिकायत करते हुए कार्यवाहक महिला ग्राम प्रधान नूरजहां पर ग्राम निधि की धनराशि का बंदरबांट करने का आरोप लगाया था। वहीं दूसरी ग्राम पंचायत रिछोला घासी में देव स्वरूप गंगवार पुत्र पन्नालाल ने ग्रामीणों के साथ शिकायती पत्र देकर विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धनराशि का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया था।
इसमें कहा गया था कि ग्राम प्रधान पति के जरिये मनमाने तरीके से सरकारी धन हड़प रहे हैं। ग्रामीणों की शिकायत पर डीएम ने ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार की जांच के लिए जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी और अवर अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को नामित किया है। जांच अधिकारियों को 15 दिन के अंदर आरोप पत्र में लगाए गए बिंदुओं की जांच करने के बाद रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।