जहानाबाद। जन्माष्टमी पर लगे मेले में शराब के नशे में धुत युवकों ने जमकर हंगामा किया। समझाने पहुंचे पुलिसकर्मियों से भी युवक उलझने लगे। सूचना पर थाना प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और सख्ती कर मामला शांत कराया। पुलिस ने विवाद कर रहे एक युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से शराब के 20 क्वार्टर भी बरामद हुए। पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई की है।
जहानाबाद क्षेत्र के सुंदरपुर गांव में जन्माष्टमी पर तीन दिवसीय मेला का आयोजन किया जाता है। बुधवार रात कुछ युवक शराब के नशे में मेले में विवाद करने लगे। इसको लेकर मौके पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर मेला क्षेत्र में मौजूद फोर्स मौके पर पहुंची और विवाद कर रहे युवकों को समझाने का प्रयास किया।
इस दौरान युवक पुलिसकर्मियों से भी उलझने लगे। स्थिति को देख पुलिसकर्मियों से सूचना थाना प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला को दी। जिसके बाद वह फोर्स के साथ मेले में पहुंचे और सख्ती कर विवाद करने वालों को हटाया।
गांव के ही एक युवक को शराब के साथ पकड़ लिया गया। बताया जा रहा है कि उक्त युवक ही मेले में शराब की बिक्री कर रहा था। प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार शुक्ला ने बताया कि मेले में कुछ लोग नशे में विवाद कर रहे थे। गांव के एक युवक भूपराम को पकड़ा है। जिसके बाद से शराब के 20 क्वार्टर बरामद हुए हैं। मामले में कार्रवाई की गई है।