पीलीभीत। सड़क पर दोनों ओर अवैध रूप से पार्किंग के कारण स्टेडियम मार्ग काफी संकरा हो गया है। जब आमने-सामने एक साथ वाहन आते हैं तो जाम लग जाता है। यह जाम रोजाना ही दिन में कई बार लगता है। इसके बावजूद समस्या के समाधान के प्रति जिम्मेदार गंभीर नहीं हैं।
शहर की व्यस्ततम सड़कों में स्टेडियम मार्ग को भी गिना जाता है। शहर के अधिकतर लोग इसी मार्ग से होते हुए कचहरी, एसपी कार्यालय, पीडब्ल्यूडी, पशु चिकित्सालय जैसे तमाम सरकारी विभागों के लिए पहुंचते है तो कई स्कूलों के बच्चे भी इसी मार्ग से होते हुए जाते हैं।
इस सड़क पर दोनों ओर निजी एंबुलेंस चालकों ने अवैध रूप से पार्किंग बना रखी है। इससे यह मार्ग काफी संकरा हो गया है। अस्पतालों के पास पार्किंग न होने से उनके वाहन भी सड़कों पर ही खड़े रहते हैं। ऐसे में जब सरकारी विभागों में छुट्टी होती है, तो इस मार्ग से सैकड़ों वाहनों की आवाजाही होती है, ऐसे में यहां पर जाम लग जाता है।
बता दें कि कुछ समय के लिए यहां पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन बाद में स्थिति फिर से पुराने ढर्रे पर पहुंच गई। जिसका खामियाजा जनता को उठाना पड़ रहा है।
-
स्कूली बच्चाें को भी होती है दिक्कत
मौजूदा समय में स्कूलों की छुट्टी चल रही है, लेकिन स्कूलों के खुलने के दौरान इस मार्ग पर काफी दिक्कत आती है। जब एक साथ सभी स्कूलों की छुट्टी होती है तो जाम लग जाता है, जिसमें फंसकर बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
-
वीआईपी हलचल पर ही सक्रिय होते हैं जिम्मेदार
लोकसभा चुनाव के दौरान कई वीआईपी यहां आए थे। वीआईपी हलचल के दौरान प्रशासन ने सख्ती की और रातोंरात इस मार्ग से अतिक्रमण को हटवा दिया। बाद में समस्या जस की तस हो गई।
-
यहां अवैध रूप से खड़े होने वाले वाहनों को कई बार हटाया गया पर बाद में स्थिति जस की तस हो गई। अब यहां एक बार अभियान चलाकर वाहनों को हटाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।
- राघवेंद्र सिंह, टीएसआई