पीलीभीत। न्यूरिया कस्बे में चोरों ने परचून की दुकान से 80 हजार की नकदी समेत काफी सामान चोरी कर लिया। चोर सीसीटीवी कैमरे का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) भी ले गए। दुकानदार से तहरीर मिलने के बाद पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।
न्यूरिया के मोहल्ला खब्बापुर निवासी मोहम्मद कमर ने बताया कि उनकी घर में ही परचून की दुकान है। इसका एक गेट घर के अंदर खुलता है। बुधवार रात लगभग आठ बजे परिवार के सभी लोग पड़ोस में ही समारोह में शामिल होने गए थे। इसी बीच चोर पड़ोस के घर से छत के रास्ते उनके घर में घुस आए। चोरों ने दुकान का दरवाजा तोड़कर 80 हजार की नकदी समेत काफी सामान चोरी कर लिया। चोर दुकान और घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी ले गए।
करीब डेढ़ घंटे बाद जब मोहम्मद कमर परिजनों के साथ समारोह से घर लौटे तो दुकान का दरवाजा अंदर से खुला था। सारा सामान बिखरा पड़ा था। कमर ने थाने में घटना की तहरीर दे दी है। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।