पूरनपुर। हरियाणा से घर वापस आ रहे एक युवक का कार में बैग बदल गया। बैग में दो मोबाइल के अलावा 37 हजार रुपये नकद थे। मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव सबलपुर का रहने वाला शिवम तीन माह से हरियाणा में काम कर रहा था। रक्षाबंधन को लेकर वह सोमवार को लौटा। बस से वह पूरनपुर के असम चौराहा तक आ गया। इसके बाद गांव जाने के लिए ऑटो को पकड़ा। ऑटो से वह मोहनपुर गांव के तिराहे पर पहुंचा जहां से उसे गांव पैदल जाना था।
युवक का कहना है कि जब वह तिराहा पर खड़ा था तभी एक कार सवार आया और सबलपुर जाने का रास्ता पूछा। यह सुनकर शिवम ने कहा कि वह खुद सबलपुर जा रहा है। इस पर उसने शिवम को कार में बैठा लिया। गांव में उतारकर चला गया। शिवम ने घर जाकर देखा तो उसका बैग बदला हुआ था। कोतवाल राजीव शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। मामला संदिग्ध लग रहा है। जांच कराई जाएगी। संवाद