बरखेड़ा थाने में पकड़ा गया आरोपी । स्रोत - पुलिस
पीलीभीत। बरखेड़ा कस्बे में दौलतपुर मार्ग पर स्थित दुकान से चोर ने लाखों रुपये के सामान की चोरी कर ली थी। पुलिस ने आरोपी को कस्बे के ही गाजीपुर कुंडा तिराहे के नजदीक से सामान सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कस्बे के वार्ड नंबर चार के रहने वाले योगेश सक्सेना ने बताया कि उनकी दौलतपुर मार्ग पर दुकान है। दिन में यहां होटल भी चलता है। शनिवार की शाम चार बजे परिवार के सभी लोग एक शादी समाराेह में गए थे। इसी दौरान चोर उनकी दुकान में छत के सहारे नीचे उतर गया और लाखों का सामान चोरी कर ले गया।
योगेश की तहरीर पर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने सोमवार को कस्बे के ही वार्ड नंबर चार के रहने वाले विशाल उर्फ गब्बर को सामान सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यहां होटल पर कारीगर के रूप में काम कर चुका है। उसे वहां की सारी जानकारी थी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चांदी की श्री लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, दो जोड़ी कुंडल, एक अंगूठी, 66760 की नकदी, 1303 की रेजगारी, चोरी रुपयों से खरीदा गया मोबाइल फोन, लोहे की रॉड और घटना में प्रयुक्त बाइक को बरामद कर लिया। इंस्पेक्टर अरविंद चौहान ने बताया कि आरोपी को माल सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।