पीलीभीत। दहेज में दो लाख रुपये और कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने बरखेड़ा थाने में शाहजहांपुर निवासी ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बरखेड़ा क्षेत्र के रम्पुरा नत्थू गांव निवासी मनु ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसकी शादी आठ मई 2023 को शाहजहांपुर के तिलहर थाना क्षेत्र के गांव शेरापुर निवासी राजकुमार से हुई थी। शादी में परिजनों ने हैसियत के अनुसार काफी दान दहेज दिया था, लेकिन ससुराली खुश नहीं थे।आरोप है कि दहेज में दो लाख रुपये और कार की मांग कर रहे थे। मना करने पर पति राजकुमार, सास विद्यावती, ससुर सोनमाल, ननद संतोष व नन्दोई उमेश कुमार ने उसे कई बार पीटा और तलाक देने की धमकी दी।
शादी के दो माह बाद ही विवाहिता को घर से निकाल दिया। शिकायत करने पर कुछ दिन तक ससुराल में रखा, लेकिन चार माह पूर्व विवाहिता को दोबारा मारपीट कर घर से निकाल दिया। थाना प्रभारी मुकेश शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ससुराल वालों ने विवाहिता को देखकर बंद कर लिया दरवाजा
बीसलपुर। मोहल्ला बख्तावरलाल के एक युवक का विवाह बरेली के एक गांव की एक युवती से हुआ था। मनमुटाव हो जाने के कारण वर पक्ष के लोगों ने कोर्ट में तलाक का मुकदमा दायर कर दिया और विवाहिता को उसके मायके पहुंचा दिया।
विवाहिता बुधवार की सुबह मायके से अपनी ससुराल आ गई। ससुराल वालों ने विवाहिता को देखकर दरवाजा बंद कर लिया। ससुराल पक्ष का कहना है कि मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के चलते रहने का औचित्य नहीं है। इस पर विवाहिता ने कोतवाली में जाकर मामले की शिकायत की। पुलिस ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद विवाहिता को समझाकर वापस उसे मायके भेज दिया। संवाद