जंगल मार्ग पर चहलकदमी करता भालू।
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। जंगल मार्ग पर बंदर, हिरन की दस्तक तो आम है लेकिन हिंसक श्रेणी में आने वाले भालू की चहलकदमी राहगीरों के लिए मुसीबत बन जाती है। शनिवार रात करीब आठ बजे ऐसा ही हुआ। जंगल से निकला भालू अचानक सड़क पर आ गया। उसे देख कार सवारों ने वाहन रोक लिए। जब तक कोई कुछ समझ पाता भालू बाइक सवारों के काफी नजदीक पहुंच चुका था। इससे भगदड़ की स्थिति बन गई। करीब पांच मिनट बाद भालू के जंगल की ओर जाने के बाद यातायात सुचारु हो सका। भालू की तस्वीर कैद की गई हैं, जो वायरल हो रही हैं।
पीलीभीत टाइगर रिजर्व के जंगल के बीच से मुख्य मार्ग गुजरते हैं। ऐसे में वन्यजीवों की चहलकदमी बनी रहती है। संख्या में इजाफा होने के बाद बाघ, तेंदुए और भालू की सक्रियता भी बढ़ने लगी है। इससे रात के समय जंगल मार्ग से जाने में खतरा बना रहता है। शनिवार रात पूरनपुर निवासी कुछ युवक पीलीभीत से घर वापस लौट रहे थे। जंगल मार्ग पर तीन किमी अंदर पहुंचते ही अचानक झाड़ियों से निकला भालू मार्ग पर चहलकदमी करने लगा। भालू देख युवकों ने वाहन रोक दिया।
सामने से कार आ गई। इसके साथ ही दो बाइकों पर सवार चार लोग भी पीछे से आ गए। कार को रुका देख बाइक सवार कुछ समझ नहीं सके और वाहन आगे निकालने का प्रयास करने लगे। कार सवारों ने हाथ देकर उन्हें रोका और जानकारी दी। भालू के जंगल में जाने के बाद वाहन निकले सके। कार सवार लोगों ने भालू की तस्वीर भी कैमरे में कैद की है।