रेलव फाटक समाप्त करने की जानकारी पर क्षुब्ध ग्रामीणों ने मंगलवार को जिंदपुरा हाल्ट पर ट्रेन रोक ली और ट्रेन में सवार डीआरएम को घेर लिया। डीआरएम के समझाने पर ग्रामीण शांत हुए। पूर्वोत्तर रेलवे जिंदपुरा हाल्ट के समीप स्थित दो फाटकों में एक फाटक स्थाई रूप से बंद करने का काफी समय से प्रयास कर रहा है। वहीं ग्रामीण इसके विरोध में हैं। ग्रामीण नहीं चाहते हैं कि एक भी फाटक बंद हो। ग्रामीणों का कहना है कि यदि एक भी फाटक बंद हो गया तो उन्हें आवागमन में दिक्कत होगी। इधर, ग्रामीणों को ट्रेन द्वारा डीआरएम निखिल पांडेय के आने की जानकारी मिली। इस पर मंगलवार दोपहर ग्रामीण इकट्ठे होकर जिंदपुरा हाल्ट जा पहुंचे। इसी बीच ट्रेन संख्या 52230 से डीआरएम भी पहुंच गए। ग्रामीणों ने रेल पटरियों पर खड़े होकर ट्रेन रुकवा ली और डीआरएम का घेराव किया। इस पर डीआरएम ने ग्रामीणों की बात सुनी और अपने स्तर से उनकी हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। कहीं तब जाकर ट्रेन शाहजहांपुर को रवाना हो सकी। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव मिश्रा बुधवार को पीलीभीत-टनकपुर ब्राडगेज ट्रैक का निरीक्षण करेंगे। जीएम के आने से पहले मंगलवार को इज्जतनगर मंडल रेल प्रबंधक निखिल पांडेय ने पीलीभीत स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं और अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।